Haridwar

12-14 अप्रैल को है शाही स्नान, आम श्रद्धालुओं को हरकी पैड़ी पर स्नान की अनुमति नहीं | Haridwar Mahakumbh News 2021

Haridwar Mahakumbh 2021
हरिद्वार महाकुम्भ २०२१ 



उत्तराखंड हिंदी न्यूज़ ब्यूरो , हरिद्वार | 12 और 14 अप्रैल के शाही स्नान पर आम श्रद्धालु हरकी पैड़ी के घाटों पर डुबकी नहीं लगा पाएंगे। हरकी पैड़ी पर सिर्फ अखाड़ों के संतों का स्नान होगा। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को पार्किंग स्थलों के नजदीक बने घाटों पर ही स्नान करवाया जाएगा। 
डीपीजी अशोक कुमार ने फेसबुक के उत्तराखंड पुलिस पेज पर शाही स्नानों को लेकर एक वीडियो शेयर किया है। अशोक कुमार ने कहा कि शाही स्नान पर श्रद्धालुओं से कोविड नियमों का पालन कराया जाएगा। हरकी पैड़ी क्षेत्र संतों के स्नान के लिए आरक्षित होगा। वहां कोई भी आम आदमी स्नान नहीं कर सकेगा। बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग बनाई गई हैं।
दिल्ली, मुरादाबाद, बिजनौर, नैनीताल से आने वाले वाहनों की पार्किंग चंडी पुल के पास होगी। जबकि देहरादून से आने वालों की पार्किंग दूधाधारी के पास बनाई है। जम्मू, हरियाणा और पंजाब से आने वाले वाहन भगवानपुर से इमलीखेड़ा होकर बीएचईएल पहुंचेंगे और वहीं पार्किंग में खड़े होंगे। वाहन पार्किंगों के नजदीक ही घाट हैं और श्रद्धालु उनमें स्नान करेंगे। 

बाहर आने-जाने वाले वैकल्पिक मार्ग अपनाएं

डीजीपी ने कहा कि जिन लोगों को वाया हरिद्वार होकर अपने गंतव्य स्थानों के लिए जाना है, वह दस से 15 अप्रैल तक वैकल्पिक मार्ग अपनाएं। हरिद्वार आने पर फंस जाएंगे। देहरादून और मसूरी के लिए जाना है तो वाया मुजफ्फरनगर से देवबंद होकर छुटमलपुर होकर जाएं।
जिनको गढ़वाल जाना है वह ऋषिकेश होकर जाएं। जिनको देहरादून से नैनीताल जाना है वह भी देहरादून से देवबंद मुजफ्फरनगर से बिजनौर होकर जाएं। उन्होंने कहा कि कुंभ से जुड़ी हर जानकारी उत्तराखंड पुलिस और हरिद्वार महाकुंभ 2021 सोशल मीडिया पर अपडेट होगी, ताकि श्रद्धालुओं और यात्रियों को कोई परेशानी न झेलनी पड़े।

शाही स्नान पर हरिद्वार के लोगों को नहीं होगी परेशानी

डीजीपी ने कहा कि शाही स्नानों पर हरिद्वार वासियों को कोई दिक्कत नहीं होगी। इस बार खास प्लान कुंभ मेला पुलिस ने तैयार किया है। भीड़ को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा प्लान बनाया गया है। सभी की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा गया है। डीजीपी ने कहा कि इस बार फोर्स को निर्देश दिए गए हैं कि वह स्थानीय लोगों को बेवजह परेशान न करें। बाहर से आने वाले यात्रियों को भी कम से कम असुविधा हो। हरिद्वार महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालु कोरोना गाइड लाइन का पालन करें।

10 अप्रैल को सबसे ज्यादा पढ़े जा रहे समाचार

Editorial Team

उत्तराखंड हिंदी न्यूज (Uttarakhandhindinews.in) की संपादकीय टीम राज्य के सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और विकासशील सरोकारों को जनता तक निष्पक्षता के साथ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी टीम में अनुभवी पत्रकारों, राज्य मामलों के विश्लेषकों और युवा डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स का समावेश है, जो उत्तराखंड के दूरदराज पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों की हर महत्वपूर्ण खबर आप तक पहुंचाते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *