औली में क्रिसमस-न्यू ईयर पर सैलानियों की धूम, होटलों की बुकिंग 60% पार

Mandeep Singh Sajwan

ज्योतिर्मठ (चमोली | उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिम पर्यटन स्थल औली में क्रिसमस और नए साल के जश्न को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। बर्फीली वादियों में साल के आखिरी दिनों को खास बनाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि औली के होटलों और गेस्ट हाउसों में बुकिंग तेजी से बढ़ रही है और कई जगहों पर कमरे पहले ही भर चुके हैं।

Majestic view of Auli in winters through trolley in the bright sky and snow around. UHN

औली में गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के गेस्ट हाउस पूरी तरह पैक हो चुके हैं। 23 दिसंबर से लेकर 3 जनवरी तक की सभी बुकिंग पहले ही हो चुकी है। निगम के स्की रिजॉर्ट, नंदा देवी और क्लाउड इन गेस्ट हाउस में कुल मिलाकर करीब 300 पर्यटकों के ठहरने की व्यवस्था है। इसके साथ ही ज्योतिर्मठ स्थित जीएमवीएन गेस्ट हाउसों में भी सैलानियों ने बड़ी संख्या में एडवांस बुकिंग कराई है।

दूसरी ओर, औली के निजी होटलों में भी करीब 60 फीसदी तक बुकिंग हो चुकी है और रोजाना इसमें इजाफा हो रहा है। औली क्षेत्र में जीएमवीएन और निजी होटलों को मिलाकर एक हजार से ज्यादा पर्यटकों के ठहरने की क्षमता है। इसके अलावा यहां हट और टेंट की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जो एडवेंचर और नेचर लवर्स को खासा आकर्षित कर रही हैं।

औली से नीचे सुनील और टीवी टावर क्षेत्र में भी होटलों की अच्छी संख्या है, जहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहा तो इस बार क्रिसमस और नए साल पर औली में रिकॉर्ड संख्या में सैलानी पहुंच सकते हैं।

कुल मिलाकर, बर्फ, स्कीइंग और पहाड़ों की खूबसूरती के बीच नए साल का स्वागत करने के लिए औली एक बार फिर पर्यटकों की पहली पसंद बनता नजर आ रहा है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!