उत्तरकाशी | उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। बड़कोट क्षेत्र के कोटि गगटाड़ी गांव में रविवार शाम अचानक एक दो मंजिला आवासीय मकान में भीषण आग लग गई। इस हादसे में ढाई माह की एक मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि मकान में रखा सारा घरेलू सामान जलकर राख हो गया।
जानकारी के मुताबिक, यह मकान कोटि गगटाड़ी निवासी शैलेंद्र चौहान का बताया जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे, लेकिन दुर्भाग्यवश मासूम बच्ची आग की चपेट में आ गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और परिजन गहरे सदमे में हैं।
घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम नायब तहसीलदार खजान असवाल के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। प्रशासन की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच भी की जा रही है।
फिलहाल आग लगने की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ी इलाकों में आग बुझाने के पर्याप्त संसाधन नहीं होने के कारण ऐसे हादसों में नुकसान ज्यादा हो जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को तत्काल राहत और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।
इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन और अग्निशमन सुविधाओं की कमी को उजागर कर दिया है।

