Dehradunuttarakhand

उत्तराखंड: वीकेंड पर मसूरी जाने को कोविड जांच और बुकिंग जरूरी, बैरियर लगाकर होगी चेकिंग

covid investigation and booking necessary to go to mussoorie on weekends in uttarakhand 1625848541

 वीकेंड पर मसूरी में बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सख्ती कर दी गई है। अब शनिवार और रविवार को केवल उन्हीं लोगों को मसूरी जाने की अनुमति दी जाएगी जिनके पास 72 घंटे की कोरोना की निगेटिव जांच रिपोर्ट होगी और मसूरी में रुकने के लिए होटल या गेस्ट हाउस बुक कराया हुआ होगा। वहीं स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण भी अनिवार्य है। कोविडकाल में राज्य के पर्यटक स्थलों पर बढ़ती भीड़ को हाईकोर्ट ने गंभीरता से लिया है। हाईकोर्ट के निर्देशों को देखते हुए पुलिस ने भी सख्ती शुरू कर दी है। 



एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वीकएंड पर पर्यटक स्थलों पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए विशेष प्लान बनाया गया है। इसके तहत शनिवार और रविवार को मसूरी जाने वाले लोगों को रोकने के लिए कुठाल गेट और किमाड़ी में बैरियर लगाए जाएंगे। बैरियर पर मसूरी जाने वाले लोगों की जांच की जाएगी। बैरियर से आगे केवल उन्हीं लोगों को जाने दिया जाएगा, जिनके पास मसूरी में रुकने की बुकिंग होगी। साथ ही 72 घंटे की कोरोना की नेगेटिव जांच रिपोर्ट और स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण जरूरी होगा। मसूरी में वीकेंड पर व्यवस्था बनाने को 100 अतिरिक्त पुलिसकर्मी तैनात होंगे। अन्य पर्यटन स्थलों के लिए भी प्लान बनाया गया है। उन्होंने जिले के राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर यह निर्देश दिए। 

 

मसूरी के प्रमुख स्थानों पर पचास फीसदी को प्रवेश

वीकेंड पर मसूरी के कम्पनी गार्डन, हवा घर, माल रोड और अन्य प्रमुख स्थलों पर क्षमता से पचास फीसदी लोगों को ही प्रवेश मिलेगा। माल रोड पर ठेली लगाने वालों को दूर-दूर किया जाएगा। ज्यादा होने पर हटाया जाएगा। ताकि, ठेलियों पर लोगों के रुकने से भीड़ न लगे। वहीं ऑडियो संदेश के जरिए भी लोगों को जागरूक किया जाएगा। होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर उन्हें भी कोरोना नियंत्रण को जरूरी निर्देश दिए जाएंगे। 


…तो स्थानीय लोग नहीं जा पाएंगे

मसूरी में वीकेंड पर दून समेत आसपास के शहरों से स्थानीय लोगों भी घूमने जाते हैं। ऐसे लोग सुबह घूमने निकलते हैं और शाम तक अपने घरों को लौट आते हैं। हालांकि, अब वीकेंड पर ऐसे लोग मसूरी नहीं जा पाएंगे। उन्हें जाना है वहां रुकने की बुकिंग का प्रमाण दिखाना होगा। इसके बाद ही जाने की अनुमति मिल सकेगी। 



सहस्रधारा में व्यवस्था को 20 पुलिसकर्मी

शनिवार और रविवार को सहस्रधारा में भीड़ पर नियंत्रण के लिए बीस अतिरिक्त पुलिस कर्मियों की ड्यूटी एसएसपी ने लगाई है। यह कर्मचारी यहां जुटने वाले पर्यटकों की स्थिति पर नजर रखेंगे। भीड़ बढ़ेगी तो लोगों का प्रवेश रोककर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।


बॉर्डर पर और सख्ती

एसएसपी ने बताया कि बाहर से पर्यटकों की आमद बहुत तेजी से बढ़ रही है। ऐसे में जिले के बार्डर फिर से सख्ती बढाई जाएगी। बार्डर से केवल कोरोना जांच की नेगेटिव रिपोर्ट दिखाने पर प्रवेश दिया जाएगा। वहीं स्मार्ट सिटी पोर्टल पर पंजीकरण भी चेक किया जाएगा। 


एसएसपी डॉ. योगेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि पर्यटक स्थलों पर तेजी से भीड़ बढ़ रही है। ऐसे में कोरोना संक्रमण बढ़ने की आशंका है। भीड़ नियंत्रण को वीकेंड पर पर्यटक स्थलों के लिए प्लान बनाया गया है।

Source

Editorial Team

उत्तराखंड हिंदी न्यूज (Uttarakhandhindinews.in) की संपादकीय टीम राज्य के सामाजिक, राजनीतिक, सांस्कृतिक और विकासशील सरोकारों को जनता तक निष्पक्षता के साथ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारी टीम में अनुभवी पत्रकारों, राज्य मामलों के विश्लेषकों और युवा डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स का समावेश है, जो उत्तराखंड के दूरदराज पहाड़ों से लेकर मैदानी क्षेत्रों की हर महत्वपूर्ण खबर आप तक पहुंचाते हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *