सल्ट उपचुनाव 2021 : मतगणना आज, दोपहर तक तय हो जाएगा कौन जीतेगा रण
![]() |
| कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी घोषित |
उत्तराखंड सरकार में नेतृत्व परिवर्तन के बाद सल्ट विधानसभा सीट के 17 अप्रैल को हुए उपचुनाव के लिए रविवार सुबह से मतगणना शुरू हो जाएगी। इसके बाद दोपहर तक नतीजे आने का संभावना जताई जा रही है। मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस में ही होने का अनुमान है।
उत्तराखंड में हाल ही में हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद यह पहला चुनाव है। इसमें भाजपा और कांग्रेस दोनों की ही साख दांव पर लगी हुई है। यह सीट भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन के बाद खाली हुई थी। इस सीट पर भाजपा ने उनके ही बड़े भाई महेश जीना को टिकट दिया है और चुनाव प्रचार के दौरान हर मंच से सुरेंद्र जीना के नाम पर ही वोट मांगे गए।
नए मुख्यमंत्री तीरथ रावत के नेतृत्व में अगर भाजपा यह सीट जीतती है तो जनता की ओर से नेतृत्व परिवर्तन पर मुहर भी लग जाएगी। इधर, कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली ने इस चुनाव में स्थानीय बनाम बाहरी का मुद्दा उछाला और खुद को सल्ट की चेली के तौर पर प्रचारित किया था। गंगा पंचोली के साथ ही कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व सीएम हरीश रावत की भी साख सल्ट के नतीजों के साथ जुड़ी हुई है।
गंगा पंचोली को टिकट दिलवाने में हरीश रावत की बड़ी भूमिका रही है। अस्पताल में भर्ती होने की वजह से वह देर से चुनाव प्रचार में जुटे। ऐसे में हरीश रावत ने अस्पताल से ही सोशल मीडिया के जरिये गंगा के लिए वोट मांगे थे। इस अपील का जनता पर कितना असर पड़ा यह रविवार को साफ हो जाएगा।
सल्ट विधानसभा क्षेत्र पर एक नजर
कुल मतदाता- 95241
पुरुष मतदाता- 48682
महिला मतदाता-46559
सर्विस मतदाता-911
दिव्यांग मतदाता-561
मतदान स्थल- शहरी-0, ग्रामीण-136
मतदान केंद्र-शहरी-0, ग्रामीण-129
इस बार पड़े मत-43.28 प्रतिशत
सल्ट विधानसभा सीट के पिछले नतीजे
साल – विजेता — मिले मत – रनरअप – मिले मत
2002 – रंजीत रावत(कांग्रेस) – 11988 – मोहन दीवान सिंह (भाजपा) – 8436
2007 – रंजीत रावत(कांग्रेस) – 15190 – दिनेश सिंह (निर्दलीय) – 8075
2012 – सुरेंद्र जीना (भाजपा) – 23956 – रंजीत रावत(कांग्रेस) – 18512
2017 – सुरेंद्र जीना (भाजपा) – 21,581 – गंगा पंचोली (कांग्रेस) – 18,677
इस बार के प्रत्याशी
भाजपा- महेश जीना
कांग्रेस- गंगा पंचोली
सर्वजन स्वराज पार्टी- शिव रावत
उक्रांद समर्थित- पान सिंह
पीपीई डेमोक्रेटिव-नंद किशोर
उपपा-जगदीश चंद्र
निर्दलीय-सुरेंद्र सिंह

