देहरादून: उत्तराखंड के 12 जिलों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें 31 जुलाई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। राज्य निर्वाचन आयोग ने 89 विकासखंड मुख्यालयों में मतगणना की विस्तृत तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस वृहद प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 15 हजार से अधिक कर्मचारी और 8 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए जाएंगे।
राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने जानकारी दी कि मतगणना के लिए संबंधित जिलों में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उन्होंने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पदों के परिणाम जिला मुख्यालयों से घोषित किए जाएंगे, जबकि ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य पदों के परिणाम ब्लॉक मुख्यालयों से जारी होंगे। जैसे-जैसे मतगणना पूरी होती जाएगी, वैसे-वैसे पदवार निर्वाचन की घोषणा की जाएगी।
प्रत्याशियों की बढ़ी बेचैनी, गुणा-भाग का दौर जारी
11,082 पदों के लिए मैदान में उतरे 32,580 प्रत्याशियों की धड़कनें मतगणना की तारीख नजदीक आने के साथ ही तेज हो गई हैं। मतदान संपन्न होने के बाद से ही सभी प्रत्याशी अपने-अपने स्तर पर गुणा-भाग में जुटे हुए हैं। हर कोई अपनी जीत के दावे और तर्क पेश कर रहा है।
प्रत्याशी अपने-अपने गांवों में वार्डवार हुए मतदान के आंकड़ों का बारीकी से विश्लेषण कर रहे हैं, ताकि संभावित परिणामों का अनुमान लगाया जा सके। यही नहीं, राजनीतिक दल और संभावित दावेदार भी क्षेत्र पंचायत प्रमुख और जिला पंचायत अध्यक्ष पदों के लिए अभी से माथापच्ची में लगे हुए हैं। इस पूरे परिदृश्य के बीच, अब सभी की नजरें केवल 31 जुलाई को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जो इन सभी अटकलों और कयासों पर विराम लगाएगी और जनमत का फैसला सामने लाएगी।
सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त
मतगणना के दौरान किसी भी अप्रिय घटना से बचने और प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। 8 हजार सुरक्षाकर्मियों की तैनाती इस बात का प्रमाण है कि राज्य निर्वाचन आयोग शांतिपूर्ण और पारदर्शी मतगणना के लिए प्रतिबद्ध है।
उत्तराखंड के ग्रामीण क्षेत्रों के विकास की दिशा तय करने वाले इन पंचायत चुनावों के नतीजे अब बस कुछ ही घंटों की दूरी पर हैं।



