नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल की प्रसिद्ध नैनी झील का जलस्तर पिछले एक दशक के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। मंगलवार को मापा गया जलस्तर सामान्य से करीब 4 फीट कम दर्ज किया गया। इससे न सिर्फ झील की खूबसूरती प्रभावित हुई है, बल्कि स्थानीय पर्यटन व्यवसाय पर भी गहरा असर पड़ने लगा है।
नैनीताल विकास प्राधिकरण के अनुसार, इस साल मानसून में औसत से कम बारिश हुई है और झील में पानी की आपूर्ति करने वाले नाले लगभग सूख चुके हैं।
यह भी पढ़ें: चारधाम यात्रा में भारी भीड़, केदारनाथ में यात्री फंसे; प्रशासन ने जारी किया हाई अलर्ट
झील के किनारे लगे होटलों और रेस्टोरेंट के मालिक चिंतित हैं। एक होटल मालिक ने बताया, “पर्यटक झील की तस्वीरें तो लेते हैं, लेकिन नाव की सवारी और आसपास के आकर्षण कम होने से उनका ठहराव घट गया है।”
पर्यावरणविदों का कहना है कि अतिक्रमण, निर्माण कार्य और वनों की कटाई ने झील के जलग्रहण क्षेत्र को नुकसान पहुंचाया है।
स्थानीय लोग लंबे समय से झील को बचाने के लिए अभियान चला रहे हैं, लेकिन ठोस कदम नहीं उठे। जिला प्रशासन ने पानी की बर्बादी रोकने और वैकल्पिक जल स्रोतों को विकसित करने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें: बड़ी खबर: उत्तराखंड में रविवार को भी भारी बारिश का अलर्ट, कई जिलों में खतरा
पर्यटन विभाग का अनुमान है कि अगर जलस्तर और गिरा तो सितंबर-अक्टूबर के पीक सीजन में बुकिंग प्रभावित हो सकती है। स्थानीय व्यापार संघ ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।



